ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर स्थित रोजवुड स्कूल में भारतीय किसान यूनियन (कृषक शक्ति) की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश युवा अध्यक्ष रिजवान मेवाती ने की, जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमन ठाकुर इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य 30 जुलाई को यमुना प्राधिकरण पर होने वाले किसान विरोध प्रदर्शन की तैयारी की समीक्षा करना था। इस दौरान अमन ठाकुर ने कहा कि किसानों पर हो रहे अन्याय और शोषण के खिलाफ संगठन द्वारा आवाज बुलंद की जा रही है और 30 जुलाई को यमुना प्राधिकरण पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदेश युवा अध्यक्ष रिजवान मेवाती ने कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अत्याचार अब सहन नहीं किया जाएगा। संगठन इसके खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगा।
शाहिद भाई ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि यह प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगा, लेकिन इसमें युवा किसानों की भागीदारी निर्णायक होगी।
इस अवसर पर रामभरोसे शर्मा ने संगठन की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष अमन ठाकुर का नेतृत्व ही हम सभी की मजबूती और कामयाबी की कुंजी है।”
बैठक में संगठन का विस्तार करते हुए सतीश शर्मा को युवा इकाई का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनके साथ उनकी टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।
बैठक में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष अमन ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष रिजवान मेवाती, संरक्षक रामभरोसे शर्मा, वरिष्ठ नेता प्रमोद जी, युवा संरक्षक शरीफ नंबरदार सहित अनेक पदाधिकारी एवं किसान युवा उपस्थित रहे।