सेक्टर गामा-1 में आज 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। सुबह से ही पूरे सेक्टर का माहौल तिरंगे की शोभा और देशभक्ति गीतों से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ आर.डब्ल्यू.ए. अध्यक्ष मनोज भाटी (बोड़ाकी) एडवोकेट ने तिरंगा फहराकर किया। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया और उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए संकल्प लिया।
इस अवसर पर आरडब्ल्यूए महासचिव सत्येन्द्र भाटी, कोषाध्यक्ष अनिल चेची एडवोकेट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष लाखन भाटी एडवोकेट एवं ठा. दलवीर एडवोकेट, उपाध्यक्ष परशुराम यादव समेत संगठन के सभी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, कविताएं और नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने अपने संबोधन में देश के विकास में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और एकजुटता पर जोर दिया।
अंत में सभी को मिठाई वितरित की गई और उपस्थित लोगों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन किया। पूरे आयोजन में देशभक्ति और सौहार्द का अद्भुत माहौल देखने को मिला।