भानू शर्मा की पूज्यनीय माताजी विद्या शर्मा का निधन, सनातन समाज और ब्रज क्षेत्र में शोक की लहर

IMG-20260926-WA0008

नदबई/भरतपुर। श्री वैदिक धर्मार्थ ट्रस्ट-ब्रज क्षेत्र के प्रबंधक भानू शर्मा की पूज्यनीय माताजी एवं ब्रज क्षेत्र की वरिष्ठ धार्मिक-सामाजिक विभूति विद्या शर्मा का 24 सितंबर 2026 को अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन से परिवार, ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और सनातन समाज में शोक की लहर है।

बताया गया कि विद्या शर्मा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और नोएडा स्थित अपने आवास पर उनका उपचार मेट्रो हॉस्पिटल से चल रहा था। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया। उनके निधन को परिवार और संस्था के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

विद्या शर्मा का जीवन समाज सेवा, सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए समर्पित रहा। श्री वैदिक धर्मार्थ ट्रस्ट-ब्रज क्षेत्र के माध्यम से उन्होंने लोक कल्याण के विभिन्न कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से गरीब और जरूरतमंद बच्चों तक निशुल्क शिक्षा पहुंचाने का उनका संकल्प संस्था के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल रहा।

ट्रस्ट से जुड़े लोगों का कहना है कि विद्या शर्मा का दिव्य सानिध्य, मार्गदर्शन और समाज के प्रति उनकी सेवा भावना हमेशा लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगी। उनके निधन को सम्पूर्ण ब्रज क्षेत्र और सनातन समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया है।

वे योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण की अनन्य भक्त थीं और ब्रज क्षेत्र की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों से निरंतर जुड़ी रहीं। संस्था के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के उनके संकल्प को आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।

परिवार और ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने श्री लाड़ली जी (श्री राधा रानी) एवं ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के श्री चरणों में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही गिरिराज महाराज से परिवार, ट्रस्ट के सैकड़ों स्वयंसेवकों और सनातन समाज के अनुयायियों को इस असह्य दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।

3 अक्टूबर को होगा द्वादशाह और शांति कर्म

विद्या शर्मा का द्वादशाह एवं शांति कर्म पाठ 3 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से उनके नदबई स्थित निज निवास पर प्रारंभ होगा। कार्यक्रम का समापन दोपहर 12:30 बजे प्रसाद वितरण के बाद होगा। इसके बाद शाम 3 बजे रस्म पगड़ी का कार्यक्रम भी निवास पर ही आयोजित किया जाएगा।

परिवार के अनुसार उनका निज निवास वार्ड नंबर 8, सुनार मोहल्ला, हाट बाजार रोड, नदबई, भरतपुर, राजस्थान में है।

परिवार ने दिवंगत विद्या शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके द्वारा समाज और जरूरतमंद बच्चों के लिए किए गए कार्य उनके जीवन की सबसे बड़ी विरासत हैं। उनके सेवा और शिक्षा के संकल्प को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।