
तरबगंज/बेलसर। तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची से नाम विलोपन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के नेता मनोज चौबे ने जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए निर्वाचन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के लोगों के दबाव में विपक्षी विचारधारा से जुड़े मतदाताओं के नाम जानबूझकर सूची से हटवाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि पूरे देवीपाटन मंडल में सबसे अधिक नाम काटने की शिकायतें तरबगंज विधानसभा क्षेत्र से सामने आई हैं।चौबे ने कहा कि कई मामलों में फॉर्म-7 (नाम विलोपन प्रपत्र) के माध्यम से आपत्तियां दाखिल की गईं, जबकि संबंधित मतदाताओं को इसकी जानकारी तक नहीं थी।
इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में शीघ्र और पारदर्शी कार्रवाई नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता डीएम कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर भूख हड़ताल भी करेंगे।बातचीत में उन्होंने यह भी कहा कि “सत्ता पक्ष के लोगों को लग रहा है कि उनके हाथ से सत्ता निकल रही है, इसलिए इस प्रकार की कार्रवाई करवाई जा रही है।”वहीं, प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के तहत की जाती है और प्राप्त आपत्तियों की जांच के बाद ही कार्रवाई की जाती है।मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और सभी की नजरें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।