
ग्रेटर नोएडा | बैसाखी पर्व के पावन अवसर पर सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए द्वारा एक भव्य एवं श्रद्धा से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) के नेतृत्व में किया गया, जिसमें सेक्टर के निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में धार्मिक आस्था, उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरु ग्रंथ साहिब जी के विधिवत प्रकाश के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आसा की वार का मधुर और भावपूर्ण कीर्तन किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। कीर्तन के दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और श्रद्धा भाव से गुरुवाणी का श्रवण किया।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) ने बताया कि बैसाखी का पर्व समाज को जोड़ने और आपसी प्रेम एवं सद्भाव को बढ़ावा देने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से न केवल धार्मिक आस्था मजबूत होती है, बल्कि समाज में एकजुटता भी बढ़ती है।
महासचिव राजीव दुबलिश ने अपने संबोधन में बैसाखी पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल फसल कटाई का पर्व नहीं है, बल्कि सिख धर्म में खालसा पंथ की स्थापना का ऐतिहासिक दिन भी है। यह पर्व साहस, त्याग, समानता और सेवा की भावना को दर्शाता है तथा समाज को एकता का संदेश देता है।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। लंगर सेवा में सेक्टर के निवासियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया और सेवा भाव से अपनी भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर सेक्टर के गणमान्य लोग, महिलाएं, युवा एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने न केवल धार्मिक भावना को सुदृढ़ किया, बल्कि समाज में आपसी सौहार्द और सहयोग की मिसाल भी पेश की।