
सूरजपुर/प्राचीनकालीन एवं ऐतिहासिक बाराही मेला-2026 इस वर्ष अपने भव्य स्वरूप, सांस्कृतिक आयोजनों और जनसहभागिता के चलते क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है। मंगलवार को आयोजित होली संगीत प्रतियोगिता और सजे हुए मीना बाजार ने मेले को एक जीवंत उत्सव में बदल दिया, जहां हर आयु वर्ग के लोगों के लिए विशेष आकर्षण देखने को मिला।
होली संगीत प्रतियोगिता में लोक संस्कृति की झलक सांस्कृतिक मंच पर आयोजित होली संगीत प्रतियोगिता में लोक परंपरा और सांगीतिक विरासत का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम में महाशय पंडित रामकुमार घरबरा, गौरव भाटी डाबरा और कैप्टन रिछपाल नागर (तिगांव, हरियाणा) एंड पार्टी के कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता के प्रत्येक राउंड को 30 मिनट की समय सीमा में आयोजित किया गया, जिसमें होली रसिया, पौराणिक किस्से और सामाजिक संदेशों से भरपूर गीतों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।महाशय पंडित रामकुमार घरबरा एंड पार्टी द्वारा महाभारत के वीर अभिमन्यु वध प्रसंग की प्रस्तुति ने वीरता और करुणा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।
वहीं, कैप्टन रिछपाल नागर एंड पार्टी ने “सती निहाल दे” की लोकगाथा को सशक्त गायन के माध्यम से जीवंत किया।गौरव भाटी डाबरा एंड पार्टी ने भक्त पूरणमल के प्रसंग के साथ दहेज प्रथा जैसे सामाजिक मुद्दे पर आधारित रसिया प्रस्तुत कर समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।
कलाकारों का सम्मानकार्यक्रम के समापन पर सभी कलाकारों और टीमों को शिव मंदिर सेवा समिति की ओर से पारितोषिक और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि सोनिका नागर का संदेशइस अवसर पर उत्तर प्रदेश कबड्डी टीम की कप्तान सोनिका नागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
समिति द्वारा उनका माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि:“यदि बेटियां शिक्षित और आत्मनिर्भर होंगी, तो वे हर प्रकार के शोषण से स्वयं को सुरक्षित रख सकेंगी।”उन्होंने बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता को समाज के विकास का आधार बताया। साथ ही यह भी कहा कि आज वे उत्तर प्रदेश पुलिस में सेवाएं दे रही हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि अवसर मिलने पर बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।मीना बाजार बना आकर्षण का केंद्रइस वर्ष मेले में सजा मीना बाजार लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है।
खासकर महिलाओं और बच्चों की भारी भीड़ यहां देखने को मिल रही है।बाजार में उपलब्ध प्रमुख सामानों में शामिल हैं:प्लास्टिक उत्पाद मिट्टी के बर्तन,घड़ियां,चश्मे,खिलौने,बैलून,ज्वैलरी,आर्टिफिशियल ज्वैलरी , बिंदीनेल प्रोडक्ट्स क्रीम-पाउडर , कॉस्मेटिक सामग्री दुकानों पर 10, 20, 50, 80 और 100 रुपये तक के बोर्ड लगे हैं, जिससे आमजन के लिए खरीदारी सुलभ और किफायती बनी हुई है।
इतिहास से वर्तमान तक मीना बाजार का विस्तारशिव मंदिर सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मेले के शुरुआती वर्षों से ही यहां जरूरत के सामान की दुकानें लगती रही हैं। समय के साथ इसका विस्तार हुआ और आज यह एक विशाल एवं व्यवस्थित बाजार का रूप ले चुका है। इस वर्ष मीना बाजार का विस्तार मुख्य प्रवेश द्वार से प्राचीन बाराही मंदिर, सांस्कृतिक मंच, अतिथि मंच और मल्ल स्थल तक फैला हुआ है।आगामी कार्यक्रम मीडिया प्रभारी मूलचंद शर्मा ने बताया कि 9 अप्रैल (बृहस्पतिवार) को सांस्कृतिक मंच पर बलराम बैसला एंड पार्टी द्वारा विशेष रागनी प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
इस दौरान दीक्षांत भाटी, लेखराज शर्मा, रिंकू राठी, नरेंद्र बैसला, कोमल चौधरी, कशिश चौधरी, शगुन चौधरी और शिवानी (सिकंदराबाद) अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।