Gonda:-
जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में Gonda Medical College के पास मोंटी कार्लो शोरूम के सामने खड़ी एक Tata Magic गाड़ी से युवक(32) का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना आज सुबह करीब 11:40 बजे सामने आई, जब स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ी को हटवाने के लिए ड्राइवर को बुलाने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों ने जब गाड़ी के अंदर झांककर देखा तो एक युवक का शव गमछे से ढका हुआ पड़ा था। इसके बाद तत्काल डायल 112 और नगर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस, CO नगर आनंद राय और प्रशिक्षु IPS अधिकारी प्रदीप कुमार फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

नंबर प्लेट छिपाने की कोशिश:
जिस टाटा मैजिक गाड़ी में शव मिला है, वह कई जगहों से टूटी हुई है, जिससे प्रथम सड़क हादसे की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों ने हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया है। गाड़ी की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर उसे छिपाने का प्रयास किया गया था।
बताया जा रहा है कि इस मिनी टाटा मैजिक का उपयोग मवेशियों को लाने-ले जाने में किया जाता था। गाड़ी के पिछले हिस्से में बड़ी मात्रा में पराली पड़ी हुई मिली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गाड़ी वहां कब और कैसे पहुंची।

फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त का प्रयास कर रही है। जिस मिनी टाटा मैजिक में शव मिला है, वह बाराबंकी जिले की बताई जा रही है।
इस मामले में नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम की मदद से मामले की जांच की जा रही है। मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
Team AND News
Contact No:-9718306065