बाराबंकी। जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ लोकसभागार में मंगलवार को ग्राम विकास विभाग, पंचायती राज, गोशालाओं और जिला स्वच्छता समिति की योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्मित अन्नापूर्णा स्टोर को समय पर पूर्ण करा लिया जाए। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), आवास योजना आदि के कार्यों को प्राथमिकता के पूर्ण किया जाए।
सीसीटीवी कैमरों से हो रही गोशालाओं की निगरानी
जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले की सभी गोशालाओं में सीसीटीवी कैमरे से हो रही निगरानी को और अधिक प्रभावशाली बनाया जाय सभी सम्बन्धितों के पास इसका लाइव फीड रहे तथा इसकी निगरानी कंट्रोल रूम द्वारा भी सतत रूप से की जाय। उन्होंने कहा कि गोशालाओं में नर और मादा को पृथक-पृथक करके रखा जाए। बीमार पशुओं के लिये अलग वार्ड बनाया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि गोशालाओं में रहने वाले गोवंशों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्हें पर्याप्त मात्रा में भूसा, हरा चारा साइलेज और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। वर्षा से बचाव के लिये पर्याप्त शेड हो और परिसर में कराए गए मियावाकी पद्दति से पौधरोपण की देखभाल की जाय।उन्होंने कहा गौशालाओं में भ्रमण पंजिका बेहतर ढंग से बनाई जाय जिसमें भ्रमण करने वाले सभी अधिकारी कर्मचारी अपनी अपनी रिपोर्ट दर्ज करें। मृतक पशुओं के शवों का निस्तारण ठीक प्रकार से किया जाए। अधिकारी नियमित गोशालाओं का विजिट करते रहे और उनमें पाई जाने वाली कमियों को अवगत कराते रहे जिससे सम्बंधित अधिकारियों को कमियां को दूर करने के लिये निर्देशित किया जाए।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सहभागिता योजना का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन कराते हुए समय पशुपालकों के खातों में धनराशि हस्तानांतरित की जाय।
गांवों की स्वच्छता पर दे विशेष ध्यान
पंचायती राज विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गांवों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। नालियों की सफ़ाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। अधूरे व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण में तेजी लाई जाए और समय पर पूर्ण कराया जाए। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए।
बैठक के दौरान जिला विकास अधिकारी, पीडी डीआरडीए सहित अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे।
संवाददाता अमन चौधरी