
नोएडा। जनपद गौतम बुद्ध नगर के सेक्टर-45 स्थित दा मॉडल स्कूल में पब्लिक स्कूल वेलफेयर समिति, उत्तर प्रदेश की एक महत्वपूर्ण चुनावी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रदेश भर से जुड़े सदस्यों की उपस्थिति रही, जहां संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। श्री जितेंद्र चौहान को प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। वहीं महासचिव पद की जिम्मेदारी श्री प्रदीप भाटी को सौंपी गई। उपाध्यक्ष पद पर श्री योगेश शर्मा का चयन हुआ, जबकि कोषाध्यक्ष के रूप में श्री अजीत सेंगर को नियुक्त किया गया।
सचिव पद के लिए श्री पीयूष सिंह और श्री दिनेश चौहान को जिम्मेदारी दी गई। इसके अतिरिक्त प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में श्री राजेंद्र चौहान, श्री रामकृष्ण प्रधान, श्री अशोक शर्मा, श्री प्रकाश चौहान और श्री राकेश कौशल को चुना गया।
चुनाव प्रक्रिया की निगरानी कर रहे चुनाव अधिकारी श्री हरविंदर सिंह ने सभी पदों पर निर्विरोध चयन की औपचारिक घोषणा की और बैठक के सफलतापूर्वक संपन्न होने की पुष्टि की।
इस अवसर पर नव-निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष श्री जितेंद्र चौहान ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन के हितों की रक्षा और निजी विद्यालयों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने, स्कूल प्रबंधन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और सदस्यों के बीच समन्वय मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में उपस्थित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी संगठन को नई दिशा देने, एकजुट होकर कार्य करने और शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जहां सभी ने नवगठित टीम को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।