
गोंडा। कभी हालात के आगे झुक जाने वाली जिंदगी, आज उसी हालात को मात देकर मिसाल बन गई है।
सोनौली मोहम्मदपुर गांव की बेटी वर्षा सिंह ने यूपी पीसीएस 2024 में 53वीं रैंक हासिल कर पूरे जिले को गर्व से भर दिया है।
यह सफलता सिर्फ एक परीक्षा पास करने की कहानी नहीं, बल्कि संघर्ष, त्याग और अटूट हिम्मत की दास्तान है। महज एक साल की उम्र में पिता का साया सिर से उठ गया, लेकिन हौसलों ने कभी साथ नहीं छोड़ा। मामा डॉ. जयप्रकाश सिंह के सहारे पली-बढ़ी वर्षा ने हर मुश्किल को अपनी ताकत बना लिया।
इस बड़ी उपलब्धि के बाद वर्षा सिंह मां बाराही मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। मंदिर में खड़ी वर्षा की आंखों में खुशी और संघर्ष दोनों की झलक साफ दिखाई दे रही थी।
उन्होंने कहा मेहनत से कभी पीछे नहीं हटना चाहिए। परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, अगर इरादे मजबूत हों तो सफलता जरूर मिलती है ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह ने भावुक होते हुए कहा—
“वर्षा सिंह सिर्फ हमारे गांव की नहीं, बल्कि पूरे जिले की बेटी हैं। इन्होंने गोंडा का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। हम कामना करते हैं कि ये आगे भी ऐसे ही नई ऊंचाइयों को छूती रहें।” आज गांव में जश्न का माहौल है, हर आंख में खुशी है और हर दिल में गर्व।
वर्षा सिंह की यह कहानी उन तमाम बेटियों के लिए उम्मीद की किरण है, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने सपनों को जिंदा रखती हैं सच यही है हालात चाहे जितने कठिन हों, अगर हौसले बुलंद हों तो मंजिल खुद रास्ता बना लेती है।