
बाराबंकी। अयोध्या रोड स्थित किशन लाल कॉम्प्लेक्स में आज छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय शिवसेना पदाधिकारियों द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिवसैनिकों और नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष किशन लाल ने की। इस अवसर पर उन्होंने शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष और वीरता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जन्म 19 फरवरी 1630 को हुआ था। वे बचपन से ही अत्यंत साहसी, निडर और राष्ट्रभक्त थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने अदम्य साहस और रणनीतिक कौशल के बल पर मुगलों के खिलाफ संघर्ष किया और उन्हें कई बार पराजित किया।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि शिवाजी महाराज के व्यक्तित्व निर्माण में उनकी माता राजमाता जीजाबाई का विशेष योगदान रहा। उनके संस्कारों और मार्गदर्शन ने शिवाजी को एक आदर्श शासक और महान योद्धा बनाया। शिवाजी महाराज ने अपने राज्य की सीमाओं की रक्षा करते हुए प्रजा के हितों को सर्वोपरि रखा और सुशासन की मिसाल कायम की।
कार्यक्रम के दौरान शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित वक्ताओं ने उनके आदर्शों को अपनाने और समाज में एकता व राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष अनिल शर्मा, सरवन रावत, ननकाऊ रावत, धीरेंद्र मिश्रा, राजवंश शर्मा, लवकुश शर्मा, महंत किशन लाल यादव, महंत कमल दास, राम तीर्थ, प्रवेश रावत सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे!
TEAM ANDNEWS