
नोएडा। भारतीय पर्व आयोजन समिति, नोएडा द्वारा पिछले 26 वर्षों से निरंतर भारतीय नववर्ष विक्रम संवत के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष भी संस्था अग्रवाल मित्र मंडल, नोएडा के सहयोग से नव संवत्सर 2083 के स्वागत हेतु एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम चैत्र कृष्ण अमावस्या के अवसर पर 18 मार्च 2026 को सायं 5 बजे से महाराजा अग्रसेन भवन, नोएडा में आयोजित होगा। कार्यक्रम में श्री सुंदरकांड पाठ की भावमय प्रस्तुति की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
इसके साथ ही नोएडा समाज के 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा जाएगा।कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा प्रतिवर्ष प्रकाशित की जाने वाली भारतीय तिथि एवं पर्व पत्रिका का भी विमोचन किया जाएगा।
इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नवाब सिंह नागर, श्रीमती विमला बाथम तथा कैप्टन विकास गुप्ता कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
संस्था ने सभी नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भारतीय नववर्ष के इस उत्सव में सहभागी बनने की अपील की है। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम को कवर करने का भी अनुरोध किया गया है।