
ऋचा श्री सेवा संकल्प वेलफेयर सोसायटी इंदौर द्वारा प्रज्ञान गुरुकुलम् के तत्वावधान में “भारतीय परिधान – हमारी पहचान, हमारी संस्कृति – हमारा सम्मान” विषय पर एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन प्रीतम लाल दुआ सभा गृह, इंदौर में किया गया। इस अवसर पर सनातन सेवा एप्प का विधिवत विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ज्योतिषरत्न, हस्तरेखा एवं वास्तु विशेषज्ञ पूज्य गुरुजी डॉ. गौतम ऋषि जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। विशेष अतिथि के रूप में उनके शिष्य श्री धीरज पाहुजा जी तथा अति विशिष्ट अतिथियों के रूप में १००८ महामंडलेश्वर राजकुमार अग्रवाल जी, डॉ. प्रतीक श्रीवास्तव (चीफ इन एडिटर, डिजियाना न्यूज चैनल), श्री दिलीप राजपाल जी (एडवोकेट, पूर्व मंत्री, वरिष्ठ समाजसेवी) एवं ज्योतिषविद संगीता शर्मा जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुजी डॉ. गौतम ऋषि जी के करकमलों से दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक ऊर्जा से अभिभूत कर दिया।
संस्था की अध्यक्ष श्रीमती ऋचा अग्रवाल एवं प्रज्ञान गुरुकुलम् के संस्थापक श्री मनोज अग्रवाल द्वारा गुरुजी का माला, शाल, तुलसी पौधा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
अपने अत्यंत प्रभावशाली, प्रेरणादायक एवं गहन आध्यात्मिक उद्बोधन में गुरुजी डॉ. गौतम ऋषि जी ने भारतीय संस्कृति की जड़ों, सनातन मूल्यों और भारतीय परिधान की महत्ता को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने कहा कि “भारतीय परिधान केवल पहनावा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, हमारी परंपरा और हमारे आत्मसम्मान का जीवंत प्रतीक है। जब हम अपने परिधान को अपनाते हैं, तब हम अपनी पहचान को सशक्त करते हैं।”
गुरुजी ने वर्तमान समय में बढ़ते पाश्चात्य प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों को संस्कारित एवं जागरूक बनाना है, तो हमें स्वयं अपने आचरण, वेशभूषा और जीवनशैली में भारतीयता को अपनाना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि “संस्कारहीन आधुनिकता समाज को दिशा नहीं दे सकती, जबकि सनातन संस्कृति जीवन को संतुलन, शांति और उद्देश्य प्रदान करती है।”
“सनातन सेवा एप्प” के विमोचन पर गुरुजी ने इसे एक क्रांतिकारी पहल बताते हुए कहा कि यह मंच केवल एक डिजिटल माध्यम नहीं, बल्कि सनातन समाज को जोड़ने का एक सशक्त सेतु है। उन्होंने बताया कि यह एप्प छोटे एवं मध्यम व्यवसायों को नि:शुल्क प्रचार-प्रसार का अवसर देकर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी सनातन धर्मावलंबियों से आह्वान किया कि वे इस एप्प से जुड़कर एक सशक्त, संगठित एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रम में 50 से अधिक मातृशक्तियों ने भारतीय परिधान धारण कर मंच से भारतीय संस्कृति के समर्थन में प्रेरणादायक संदेश दिए। प्रत्येक प्रतिभागी को अपने व्यवसाय एवं कार्यों को प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, जिससे उन्हें नई पहचान और प्रोत्साहन प्राप्त हुआ।
गुरुजी के शिष्य श्री धीरज पाहुजा जी ने भी अपने विचार साझा किये
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे व्यक्तियों का भी मंच से अभिनंदन किया गया।
संस्था की अध्यक्ष श्रीमती ऋचा अग्रवाल ने अपने वक्तव्य में बताया कि संस्था पिछले 7 वर्षों से शिक्षा, संस्कार, कर्मयोग एवं राष्ट्रवाद के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय परिधान एवं संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना तथा “सनातन सेवा एप्प” के माध्यम से समाज को आर्थिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनाना है।
अंत में संस्था एवं प्रज्ञान गुरुकुलम् परिवार द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया।