
नोएडा (सलारपुर)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लंबे समय से किसानों की समस्याओं को मुखरता से उठाने वाले किसान नेता पवन खटाना को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) द्वारा संगठन महामंत्री एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद क्षेत्र में उत्साह की लहर दौड़ गई है। नई जिम्मेदारी मिलने के उपलक्ष्य में नोएडा के सलारपुर गांव में उनका भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में किसानों, ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन किसान नेता अमित भाटी के आवास पर किया गया, जहां पवन खटाना के पहुंचते ही उपस्थित लोगों ने जोरदार नारों और तालियों के साथ उनका स्वागत किया। ग्रामीणों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। समारोह में गांव के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में किसान नेता और सामाजिक कार्यकर्ता पहुंचे।सभा को संबोधित करते हुए पवन खटाना ने संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत नहीं बल्कि पूरे किसान समाज का सम्मान है। उन्होंने विशेष रूप से अमित भाटी और सलारपुर के ग्रामवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि संगठन को ऐसे समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है, जो हर आंदोलन में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहें।अपने संबोधन में उन्होंने जिले में तेजी से बढ़ रहे किसान संगठनों पर भी टिप्पणी की।
उन्होंने कहा कि आज जिले में लगभग हर रोज एक नया किसान संगठन बन रहा है, लेकिन किसानों की मूल समस्याओं का स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठन किसानों के नाम पर अपनी राजनीति और स्वार्थ साधने में लगे हैं, जिससे किसान समाज में भ्रम और बंटवारा पैदा हो रहा है।
पवन खटाना ने किसानों से अपील की कि वे एकजुट होकर मजबूत संगठन के साथ खड़े हों, ताकि उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक प्रभावी तरीके से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि जब तक किसान आपसी एकता और विश्वास नहीं बनाएंगे, तब तक उनकी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने आश्वस्त किया कि संगठन किसानों की जमीन, फसल, मुआवजे और अन्य अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से संघर्ष करता रहेगा।कार्यक्रम के दौरान संगठन से जुड़े कई कार्यकर्ताओं को नए पदभार भी सौंपे गए।
मंच पर मौजूद वरिष्ठ किसान नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और पवन खटाना को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।समारोह के अंत में सामूहिक रूप से किसान एकता का संकल्प लिया गया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला, जिससे स्पष्ट है कि क्षेत्र में किसान आंदोलन को नई दिशा देने की तैयारी की जा रही है।