
बाराबंकी जनपद के मसौली विकासखंड क्षेत्र में सोमवार को मसौली चौराहे पर एक बंदर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से बंदर के सीने और पैर में गहरी चोटें आई थीं। वह दर्द से तड़प रहा था और चलने-फिरने में असमर्थ था।
राहगीरों की नजर जब घायल बंदर पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत स्थानीय समाजसेवियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही समाजसेवी अरुण यादव उर्फ शिबू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ शुभम गुप्ता और सोनू भी मौजूद थे।
समाजसेवियों ने सबसे पहले घायल बंदर को पानी पिलाया और उसे सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, ताकि किसी अन्य वाहन से उसे और नुकसान न पहुंचे। इसके बाद समाजसेवियों ने घायल बंदर को वन विभाग के कर्मचारियों को सौंप दिया। स्थानीय लोगों ने समाजसेवियों के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।