नोएडा। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों में शामिल एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें और एक अवैध चाकू बरामद किया है।थाना सेक्टर-39 पुलिस के मुताबिक, दिनांक 15 सितम्बर को लोकल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर टीम ने ग्राम छलैरा बारातघर के पास दबिश दी और आरोपी अजीत सिंह पुत्र शिवकरन उर्फ रामकरन (उम्र 30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से फतेहपुर जनपद का निवासी है और वर्तमान में हरौला, सेक्टर-5, नोएडा में रह रहा था।पुलिस जांच में सामने आया है कि अजीत सिंह पेशेवर वाहन चोर है, जिसके खिलाफ चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में पहले से 11 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-20, सेक्टर-126, फेस-1, सेक्टर-24 और सेक्टर-39 नोएडा में अलग-अलग मामले पंजीकृत हैं।बरामदगी में शामिल वाहन स्पलेण्डर प्लस मोटरसाइकिल (डीएल 3 एस.ई.टी 2283) स्पलेण्डर प्लस मोटरसाइकिल (यूपी 16 डी.जेड 8646) स्पलेण्डर प्रो मोटरसाइकिल (यूपी 14 सीपी 0956) पैशन मोटरसाइकिल (ब्लैक, नंबर प्लेट, इंजन व चेसिस नंबर मिटाया हुआ) इसके अलावा एक अवैध चाकू भी आरोपी से जब्त किया गया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिलें हाल ही में थाना सेक्टर-39, फेस-1 और सेक्टर-24 में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़ी हुई हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।