दनकौर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की 30 जुलाई को गलगोटिया यूनिवर्सिटी के सामने यमुना एक्सप्रेसवे के नीचे होने वाली महापंचायत की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक श्री तिरुपति ईंट उद्योग, दनकौर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजाराम जी ने की और संचालन अनित कसाना ने किया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाकियू अध्यक्ष पवन खटाना ने बताया कि महापंचायत को सफल बनाने के लिए गांव-गांव जन जागरण अभियान तेज कर दिया गया है। इसके लिए जिम्मेदार किसानों की अलग-अलग टोलियां बनाई गई हैं जो किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगी।

महापंचायत में किसानों की 10% प्लॉट कटौती, आबादी निस्तारण, नए भूमि अधिग्रहण बिल को लागू करने, और गौतम बुद्ध नगर में सर्किल रेट बढ़ाने जैसी मांगें प्रमुख रूप से उठाई जाएंगी। जिला अध्यक्ष रॉबिन नागर और मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर का सर्किल रेट लंबे समय से नहीं बढ़ाया गया है। अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण और सरकार किसानों की ज़मीनें सस्ते दामों पर खरीद कर बिल्डरों को ऊंचे दामों पर बेच रही है, जिससे किसान ठगे जा रहे हैं।अनित कसाना ने प्राधिकरण पर आरोप लगाते हुए कहा कि गांवों के पुराने रास्ते तक बंद कर दिए गए हैं और कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने मांग की कि यदि बिल्डरों को फायदा देना ही है, तो पहले नए रास्ते, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।बैठक में राजे प्रधान, सुरेंद्र नागर, अनुज सिंह, मास्टर चाहत राम, परविंदर मावी, धर्मपाल सिंह स्वामी, और अनिल कपिल गौतम समेत सैकड़ों किसान और भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।