
नोएडा। समाजवादी पार्टी नोएडा विधानसभा क्षेत्र-61 की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आयोजित की गई, जिसमें विधानसभा कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष ठाकुर बबलू चौहान ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए ठाकुर बबलू चौहान ने कार्यकर्ताओं से आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा नोएडा विधानसभा क्षेत्र में 59 नए बूथ बढ़ाए जाने के बाद कुल बूथों की संख्या अब 811 हो गई है। जिन बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त नहीं हैं, वहां जल्द नियुक्ति की जाएगी।
साथ ही SIR प्रक्रिया के अंतिम चरण में सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहकर BLO के सहयोग से नए मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाने के निर्देश दिए गए।वरिष्ठ नेता राघवेंद्र दुबे ने कहा कि नोएडा के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की कमी से जनता परेशान है तथा प्रशासनिक स्तर पर जन समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में आम जनता एवं PDA वर्ग को न्याय मिलेगा।
महानगर महासचिव विकास यादव ने कहा कि PDA समाज एकजुट हो चुका है और समाजवादी सरकार बनने पर सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित होगी। बैठक में नोएडा क्षेत्र के विकास एवं किसानों की समस्याओं को लेकर भी चर्चा करते हुए रणनीति तैयार की गई।महानगर उपाध्यक्ष मनोज गोयल ने भाजपा सरकार पर क्षेत्रीय समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया।
बैठक में संगठन विस्तार करते हुए विकास दुबे व अमित कुमार को सचिव तथा विवेकानंद सिंह को सदस्य मनोनीत किया गया।
बैठक का संचालन विधानसभा उपाध्यक्ष रणजीत पटेल ने किया। इस अवसर पर बिंदर यादव पहलवान, रोहित यादव, राणा मुखर्जी, शादाब खान, संतोष चौटाला, चैनकी गौतम, सुनील कुमार, सतवीर यादव, मुकेश पटेल, विनोद गौतम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।