ग्रेटर नोएडा। श्री बालाजी मानव सेवा समिति द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी शरद पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर वार्षिक महोत्सव का भव्य आयोजन आईआईएमटी कॉलेज, नॉलेज पार्क-3, ग्रेटर नोएडा में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य गोवत्स सत्यदेवानंद महाराज, संस्था के अध्यक्ष मनोज सिंघल, उपाध्यक्ष, मातृशक्ति एवं निर्णायकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।संस्था के मीडिया प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि दिनभर चले इस कार्यक्रम में बच्चों ने एकल नृत्य, समूह नृत्य, एकल भजन तथा समूह भजन प्रतियोगिताओं में भाग लिया। दर्शकदीर्घा में लगभग 300 लोगों ने पूरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।नृत्य प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में अलका श्रीवास्तव, खुशी और नेहा गौतम तथा गायन प्रतियोगिता में डॉ. अभिनव शर्मा और अमन शर्मा उपस्थित रहे।परिणाम इस प्रकार रहे:एकल गायन (7 से 10 वर्ष) में अंशुमन बहेरा प्रथम, स्तुति सिंह द्वितीय और आदित्य श्रीवास्तव तृतीय स्थान पर रहे।एकल गायन (11 से 14 वर्ष) में राघवेंद्र सिंह प्रथम, अक्षत द्वितीय तथा कियारा शुक्ला तृतीय स्थान पर रही।एकल नृत्य (7 से 10 वर्ष) में दृष्टि सिंह प्रथम, आदिया द्वितीय और आन्या तृतीय स्थान पर रही, वहीं 11 से 14 वर्ष आयु वर्ग में शोमिली प्रथम, दिया शर्मा द्वितीय और भव्या पांडे तृतीय स्थान पर रहीं।समूह नृत्य में स्वप्निल डांस एकेडमी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि समूह गायन प्रतियोगिता में सुर लय म्यूजिक एकेडमी के बच्चों ने बाजी मारी।कार्यक्रम की अध्यक्षता
आईआईएमटी कॉलेज के एचओडी डॉ. विकास मिश्रा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में फेलिक्स हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. डी.के. गुप्ता ने समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजनों से सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश समाज को मिलता है। उन्होंने संस्था को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत मंत्री राजकुमार डूंगर ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए इसे सामाजिक जागरूकता की दिशा में सराहनीय पहल बताया।संस्था के संस्थापक सतेंद्र राघव ने अपने संबोधन में कहा कि समिति सेवा बस्ती के बच्चों के लिए संस्कार केंद्र, वृद्धजन के लिए पोषण व्यवस्था तथा गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह जैसे सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित है। उन्होंने बताया कि संस्था का लक्ष्य ग्रेटर नोएडा में श्री बालाजी महाराज के भव्य सनातन धाम की स्थापना करना है।समारोह में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच संचालन दुर्गेश्वरी सिंह ने किया।इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद मेरठ प्रांत की उपाध्यक्षा छाया सिंह, विभाग मंत्री ललित भारद्वाज, जिला संघ चालक नौरंग सिंह, जिला प्रचारक नेमपाल सिंह, जिला कार्यवाह राजकुमार आर्य, शासकीय अधिवक्ता प्रताप रावल, समिति के उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, महासचिव प्रमोद चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा के वरिष्ठ समाजसेवी, मातृशक्ति एवं प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।