मसौली, बाराबंकी।
नवाबगंज तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बांसा एवं धरौली में तहसील प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए कंबलों का वितरण किया गया। ग्राम प्रधान एवं हल्का लेखपाल की उपस्थिति में जरूरतमंद गरीब महिलाओं व पुरुषों को कंबल वितरित किए गए।
इस अवसर पर हल्का लेखपाल राजेश तिवारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार ठंड से बचाव के लिए गरीब एवं असहाय लोगों को हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है। कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड के कारण परेशानी में न रहे, इसके लिए प्रशासन लगातार गांव-गांव जाकर स्थिति का जायजा ले रहा है। बांसा और धरौली गांव में पहले से चिह्नित किए गए जरूरतमंदों को कंबल उपलब्ध कराए गए हैं।
कंबल पाकर ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और कहा कि कड़ाके की ठंड में कंबल मिलना उनके लिए बड़ी राहत है।
कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान बांसा प्रतिनिधि रामसिंह यादव, प्रधान प्रतिनिधि उमाकांत, रमाकांत राव सहित अन्य ग्रामीण व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
*संवाददाता अमन चौधरी*
