
ग्रेटर नोएडा:थाना सूरजपुर क्षेत्र के लखनावली गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को भाजपा नेता लोकमन प्रधान देव नागर के नेतृत्व में सैकड़ों लोग सूरजपुर स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे और स्थानीय पुलिस के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की।
बताया जा रहा है कि गांव निवासी श्यामबीर बिधूड़ी की शिकायत पर पुलिस ने देव नागर, लोकमन प्रधान, शेरू समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक एकजुट हो गए।
लोकमन प्रधान पक्ष का आरोप है कि दर्ज किया गया मुकदमा पूरी तरह झूठा है और उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूरे मामले के पीछे प्रदेश सरकार के एक मंत्री का दबाव है। अपने बयान में लोकमन प्रधान ने गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह पर भी कई गंभीर आरोप लगाए।
विरोध प्रदर्शन में ब्राह्मण समाज के लोग, स्थानीय ग्रामीण और अधिवक्ता भी शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।