नोएडा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सेंचुरी अपार्टमेंट, सेक्टर-100 के निवासियों ने पूरे उत्साह और गर्व के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान देशभक्ति के नारों और तरानों से पूरा परिसर गूंज उठा और सभी निवासी देशभक्ति के रंग में सराबोर दिखाई दिए।
यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने हाथों में तिरंगा थामकर हिस्सा लिया। जगह-जगह लोगों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष लगाए। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान गाया गया।
सेंचुरी अपार्टमेंट के अध्यक्ष पवन यादव ने बताया कि, “यह परंपरा हर वर्ष निभाई जाती है। इसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं में देशप्रेम की भावना जगाना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है।”
कार्यक्रम में सभी निवासियों की सक्रिय भागीदारी रही और वातावरण पूरी तरह देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।