(गौतम बुद्ध नगर)।ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में गोवंश के अवशेषों से भरे एक ट्रक के मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी।विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष गौतम बुद्ध नगर गौरव कौशिक को ट्रक में गोवंश अवशेष होने की सूचना प्राप्त हुई थी। उन्होंने तत्काल यह जानकारी संगठन के प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह राघव को दी। इसके बाद प्रदेश मंत्री ने गौ रक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री हरविंदर सिंह राघव को अवगत कराया।सूचना मिलते ही प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह राघव, प्रदेश महामंत्री हरविंदर सिंह राघव एवं जिला अध्यक्ष गौरव कौशिक संगठन की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रक की जांच करने पर उसमें गौ माता की खाल और गोवंश के अवशेष पाए गए। इसके बाद तुरंत जेवर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची जेवर कोतवाली पुलिस ने पशु चिकित्सकों की टीम को बुलाया और गोवंश अवशेषों के नमूने भरवाकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में जेसीबी मशीन बुलवाकर हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार गोवंश के अवशेषों का सम्मानपूर्वक दफन कराया गया।इस दौरान विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा प्रकोष्ठ ने जिला प्रशासन गौतम बुद्ध नगर से दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इस संबंध में जेवर पुलिस को लिखित शिकायत भी सौंपी गई है।मौके पर शैलेंद्र सिंह राघव (प्रदेश मंत्री), हरविंदर सिंह राघव (प्रदेश महामंत्री), अरविंद ठाकुर (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), गौरव कौशिक (जिला अध्यक्ष), महेश राणा उर्फ कालू सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
