गौतमबुद्ध नगर के संजय चौहान को सौंपी गई प्रदेश की कमान, दीपक सिंह चौहान और गौरव ठाकुर बने सचिव
नोएडा। ठाकुर महासभा ने संगठन को मजबूत बनाने और प्रदेशभर में विस्तार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। संगठन की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए गौतमबुद्ध नगर के संजय चौहान को प्रदेश अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, जिले के दीपक सिंह चौहान और गौरव ठाकुर को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है।
संगठन के पुनर्गठन के तहत नवनियुक्त पदाधिकारियों को प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने और समाज के लोगों को एकजुट करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति तैयार की गई है, ताकि समाज के लोगों की भागीदारी बढ़ाई जा सके और संगठन की पहुंच गांव से लेकर शहर तक बनाई जा सके।
प्रदेश अध्यक्ष संजय चौहान ने संगठन के उद्देश्यों को लेकर कहा कि समाज को एकजुट करना और शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के क्षेत्र में युवाओं की मदद करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे प्रदेश में संगठन का तेजी से विस्तार किया जाएगा।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद संजय चौहान के सामने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की चुनौती होगी। वहीं, दीपक सिंह चौहान और गौरव ठाकुर की नियुक्ति से संगठन को प्रदेश स्तर पर नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।