गौतम बुद्ध नगर। नोएडा हाईराइज फेडरेशन (NHRF) के अध्यक्ष निखिल सिंघल ने सोमवार को गौतम बुद्ध नगर के अपर पुलिस आयुक्त (ADCP) राजीव नारायण मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान जिले की हाईराइज सोसाइटियों में रहने वाले निवासियों की विभिन्न समस्याओं, उनकी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान ब्राह्मण समाज महासंघ के अध्यक्ष गिरीश मिश्रा, नोएडा हाईराइज फेडरेशन के ग्रेटर नोएडा कन्वीनर दिनेश मिश्रा और नेफोमा (NEFOMA) के अध्यक्ष अन्नू खान भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने सोसाइटियों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को प्रशासन और पुलिस के संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हाईराइज सोसाइटियों में बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं। ऐसे में निवासियों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और अन्य जनहित से जुड़े मामलों पर पुलिस एवं प्रशासन के साथ नियमित संवाद बेहद जरूरी है।
NHRF अध्यक्ष निखिल सिंघल ने कहा कि फेडरेशन सोसाइटी निवासियों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सामूहिक प्रयासों और आपसी सहयोग से निवासियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर निखिल सिंघल ने प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों का सहयोग और जनहित के मुद्दों पर साथ देने के लिए आभार व्यक्त किया।