नोएडा। डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए 4 नवंबर को शफीपुर में बड़े स्तर पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। पुलिस बल के सहयोग से की गई इस कार्रवाई में खसरा संख्या 71, 72, 73 और 75 पर किए गए अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
प्राधिकरण के अनुसार, ध्वस्तीकरण की गई भूमि का कुल क्षेत्रफल लगभग 8,000 वर्गमीटर है। अभियान के दौरान अवैध निर्माणों को हटाकर प्राधिकरण ने स्पष्ट संदेश दिया कि डूब क्षेत्र में नियमों के विरुद्ध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि डूब क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें और न ही ऐसी जमीन की खरीद-फरोख्त में शामिल हों। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।