100 से अधिक स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
नोएडा। सेक्टर-39 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की ओर से आयोजित भव्य दिवाली मेला शानदार सफलता के साथ संपन्न हुआ। मेले में सेक्टर-39 सहित आसपास के क्षेत्रों के 3,000 से अधिक लोगों ने पहुंचकर उत्सव का आनंद लिया।
मेले में खरीदारी, खानपान, व्यवसाय और लाइफस्टाइल से जुड़े 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बच्चों के लिए आयोजित विशेष गतिविधियों ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। पूरे आयोजन में उत्साह और सामुदायिक एकता का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम, NEA महासचिव वीके सेठ, DDRWA अध्यक्ष एनपी सिंह, FONRWA अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा और NPS अध्यक्ष राजीव अजमानी सहित नोएडा की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। अतिथियों ने मेले की भव्यता और व्यवस्थाओं की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व महासचिव टीएस अरोड़ा ने किया। RWA अध्यक्ष अशोक खन्ना ने सभी अतिथियों, स्टॉल संचालकों, प्रायोजकों, आयोजन समिति और सेक्टरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली स्वयंसेवक टीम की विशेष रूप से सराहना की।
अशोक खन्ना ने कहा कि यह दिवाली मेला सामुदायिक एकता, आपसी सौहार्द और मिल-जुलकर त्योहार मनाने की भावना का शानदार उदाहरण बना। सभी के सहयोग से आयोजन यादगार और सफल रहा।