नोएडा। सेक्टर-105 स्थित श्री कल्याण सुंदरम शिव मंदिर में आरडब्ल्यूए सेक्टर-105 के तत्वावधान में भगवान श्री कृष्ण जी की छठी का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन किया गया। मंदिर परिसर को आकर्षक पुष्प सज्जा से सजाया गया।
कार्यक्रम में सेक्टर की सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘जय श्री कृष्णा’ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। महिलाओं ने भजन, सोहर और बधाई गीतों पर नृत्य कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाल गोपाल का विशेष श्रृंगार, पूजन एवं छठी संस्कार संपन्न कराया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए कढ़ी-चावल एवं प्रसाद का वितरण किया गया।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने सभी निवासियों एवं श्रद्धालुओं को श्री कृष्ण छठी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सेक्टर की मातृशक्ति का विशेष आभार व्यक्त किया।