नोएडा। सेक्टर-144 में घरों के नलों से लगातार गंदे एवं दूषित पानी की आपूर्ति होने से निवासी परेशान हैं। इस समस्या को लेकर सेक्टर के निवासियों ने नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग के महाप्रबंधक (GM Water) को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
सेक्टर-144 के महासचिव भगत सिंह तोंगड़ ने प्राधिकरण को भेजे पत्र में बताया कि सेक्टर के घरों में लगातार गंदा पानी पहुंच रहा है। दूषित पानी की आपूर्ति से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक की बुनियादी जरूरत है, लेकिन सेक्टर के लोगों को इस आवश्यक सुविधा के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत और चर्चा की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का जारी रहना निवासियों में नाराजगी का कारण बन रहा है।
भगत सिंह तोंगड़ ने महाप्रबंधक से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को तत्काल मौके पर भेजा जाए। पानी के नमूनों की गुणवत्ता जांच कराई जाए और दूषित पानी की आपूर्ति के वास्तविक कारणों का पता लगाकर स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने प्राधिकरण से मामले को प्राथमिकता देते हुए सेक्टरवासियों को जल्द स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।