नोएडा। शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश के बीच नोएडा प्राधिकरण की टीम सेक्टर-105 में जलभराव की स्थिति पर नजर रखने के लिए मैदान में सक्रिय रही। अधिकारियों ने सेक्टर का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया, जिससे क्षेत्र में जलभराव की कोई गंभीर समस्या सामने नहीं आई।
सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने बताया कि प्राधिकरण के महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा, वरिष्ठ प्रबंधक रोहित कुमार, अवर अभियंता विक्रम सिंह तथा उनकी टीम ने लगातार बारिश के दौरान सेक्टर का भ्रमण किया। अधिकारियों ने संभावित जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
आरडब्ल्यूए के अनुसार, अधिकारियों की सक्रियता के कारण जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रही और सेक्टरवासियों को किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों से भी फीडबैक लिया गया और आवश्यक सुझावों पर चर्चा की गई।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने सेक्टरवासियों की ओर से नोएडा प्राधिकरण की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विपरीत मौसम में अधिकारियों की तत्परता और मौके पर मौजूदगी सराहनीय रही। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी प्राधिकरण इसी तरह नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए सेक्टर के विकास और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए कार्य करता रहेगा।