नोएडा। विश्व जैन संगठन की मुख्य कार्यकारिणी की विशेष बैठक 6 अगस्त 2026 को दिल्ली स्थित सैनी एन्क्लेव कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए राहुल जैन (नोएडा) को राष्ट्रीय महामंत्री, अनुज जैन को राष्ट्रीय मंत्री, वीरेंद्र जैन (नोएडा) को वरिष्ठ सदस्य तथा निपुण जैन को युवा प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
राहुल जैन के राष्ट्रीय महामंत्री बनने पर विश्व जैन संगठन की नोएडा शाखा में हर्ष का माहौल है। शाखा के अध्यक्ष के.के. जैन एवं समस्त कार्यकारिणी के साथ जैन समाज के सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में नोएडा शाखा और अधिक सक्रिय होगी तथा संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी भी और अधिक सशक्त बनेगी।
राहुल जैन पिछले तीन वर्षों से विश्व जैन संगठन की नोएडा शाखा में संयोजक के रूप में कार्यरत रहे हैं। उन्होंने अपनी कार्यशैली, समर्पण और सक्रियता से संगठन को नोएडा में मजबूत पहचान दिलाई। उन्होंने श्री सम्मेद शिखर जी संरक्षण आंदोलन तथा श्री नेमि गिरनार धर्म यात्रा जैसे महत्वपूर्ण अभियानों में भी उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 32 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले राहुल जैन ने कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार चैनलों और मीडिया संस्थानों में कार्य किया है। उन्होंने आज तक सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएँ दी हैं।
बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय जैन ने की। इस अवसर पर वर्ष 2022 में तीर्थराज श्री सम्मेद शिखर जी की पवित्रता की रक्षा हेतु संगठन द्वारा चलाए गए देशव्यापी आंदोलन से संबंधित लंबित मांगों को शीघ्र पूरा कराने के लिए सरकार से प्रभावी कार्रवाई की मांग का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।