नोएडा। नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्षा शालिनी सिंह ने सोमवार को सेक्टर-45 स्थित सदरपुर गांव का दौरा किया। एनसीएफ के ‘आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का मौके पर निरीक्षण किया और लोगों की समस्याएं सुनीं।
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने साफ-सफाई, सड़क, जल निकासी, बिजली, पानी और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं शालिनी सिंह के सामने रखीं। उन्होंने गांव में घूमकर मौके पर समस्याओं की स्थिति का जायजा लिया।
करोड़ों की लागत, फिर भी बारात घर में बिजली-पानी नहीं
निरीक्षण के दौरान सदरपुर गांव में बने बारात घर की बदहाल स्थिति प्रमुख मुद्दा बनकर सामने आई। ग्रामीणों के अनुसार, इसके निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन उचित रखरखाव और आवश्यक सुविधाओं के अभाव में यह सार्वजनिक भवन अपेक्षित रूप से उपयोग में नहीं आ पा रहा है।
निरीक्षण के दौरान बारात घर में बिजली और पानी के कनेक्शन उपलब्ध नहीं मिले। इसके अलावा परिसर में साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति को लेकर भी सवाल उठे। ग्रामीणों का कहना है कि बारात घर का निर्माण सामाजिक और वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए किया गया था, लेकिन मूलभूत सुविधाएं नहीं होने के कारण इसका पूरा लाभ गांव के लोगों को नहीं मिल पा रहा है।
शालिनी सिंह ने कहा कि जनता के पैसे से तैयार की गई सार्वजनिक संपत्तियों का उचित रखरखाव होना चाहिए और उनका उपयोग जनता के हित में सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने बारात घर में बिजली, पानी, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
ग्रामीणों ने लिखित शिकायत सौंपकर मांगा समाधान
ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर नोएडा सिटीजन फोरम को लिखित शिकायत भी सौंपी। ग्रामीणों ने संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
शालिनी सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और बारात घर सहित गांव की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक स्तर पर प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान सतीश चौहान, सत्येश्वर राय, महेश चौहान, घनश्याम चौहान, बॉबी चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।