नोएडा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की धूम देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में नोएडा में भी छठ महापर्व को लेकर भव्य तैयारियां की गई हैं। शहर में सैकड़ों स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। सभी छठ घाटों पर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। रविवार को अस्त होते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
छठ महापर्व को लेकर नोएडा प्राधिकरण की ओर से विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई, रंग-बिरंगी लाइटिंग और पानी सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था कराई गई है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस बार सबसे आकर्षक नजारा नोएडा स्टेडियम में देखने को मिल रहा है। यहां पूरे ग्राउंड को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। छठ घाट की भव्य सजावट और जगमगाती लाइटें ऐसी छटा बिखेर रही हैं, मानो दिवाली का त्योहार मनाया जा रहा हो। घाट की खूबसूरती श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
नोएडा स्टेडियम में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ पूजा के लिए पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने कई दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। घाट को बेहतर तरीके से तैयार कराने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
आयोजकों ने छठ महापर्व के सफल आयोजन के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने पर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। शहर में छठ पूजा को लेकर उत्साह का माहौल है और घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।