गोंडा।उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की कटरा बाजार विधानसभा में दिसंबर माह में प्रस्तावित पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्री बागेश्वर बालाजी कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं, इस धार्मिक आयोजन को लेकर अब सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। इसी क्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि हलधरमऊ वैभव सिंह उर्फ मोनू ने प्रेस वार्ता कर कथा के आयोजन को लेकर अपनी बात रखी और विरोध करने वालों को कड़ा संदेश दिया।
प्रेस वार्ता के दौरान वैभव सिंह ने कहा कि श्री बागेश्वर बालाजी की कथा किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन धर्म की भावनाओं से जुड़ा आयोजन है। इसे सफल बनाने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन में बाधा डालने या अनावश्यक विवाद खड़ा करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई आयोजन में व्यवधान डालने का प्रयास करता है तो क्षेत्र की जनता इसका जवाब देगी।
इस दौरान वैभव सिंह उर्फ मोनू ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण के प्रति इतनी आस्था और श्रद्धा रखते हैं, तो उन्हें मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर आगे आकर आंदोलन करना चाहिए।
वैभव सिंह के इस बयान के बाद बागेश्वर बालाजी कथा को लेकर धार्मिक आयोजन के साथ-साथ राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि उनके इस बयान पर समाजवादी पार्टी की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।