Oplus_131072
गोंडा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर सोमवार को जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय सचिव विजय कुमार सिंह ‘टिंटू सिंह’ को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। बताया जा रहा है कि टिंटू सिंह अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जाने वाले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें उनके आवास पर ही रोक दिया।
टिंटू सिंह को पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने की सूचना मिलते ही सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में हलचल तेज हो गई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वह लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां पहुंचने से पहले ही रोक दिया।
वहीं, पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत एहतियाती कदम उठाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस की मौजूदगी में टिंटू सिंह को घर से बाहर निकलने से रोका गया।
सपा नेता के हाउस अरेस्ट की खबर फैलते ही उनके समर्थक आवास के आसपास जुटने लगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं में पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। हालांकि, स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से निगरानी बनाए रखी गई।
गोंडा में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन और उससे पहले सपा नेता को हाउस अरेस्ट किए जाने की कार्रवाई ने जिले की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। प्रदर्शन को लेकर सपा कार्यकर्ताओं की आगे की रणनीति पर भी निगाहें टिकी हुई हैं।