नई दिल्ली । नोएडा की राजनीति में गुरुवार को नई हलचल देखने को मिली। नोएडा हाईराइज फेडरेशन (NHRF) के अध्यक्ष निखिल सिंघल ने 100 से अधिक समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान सह-प्रभारी संजीव आर्य सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
निखिल सिंघल के साथ पूर्व मंडल उपाध्यक्ष एवं ब्राह्मण समाज महासंघ के जिलाध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने भी कांग्रेस का दामन थामा। कार्यक्रम में नोएडा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग तथा विभिन्न हाईराइज सोसाइटियों के AOA पदाधिकारी भी शामिल हुए।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद निखिल सिंघल ने फ्लैटों की लंबित रजिस्ट्री, मेट्रो कनेक्टिविटी, सड़क, बिजली, पानी, प्रदूषण और हाईराइज सोसाइटियों में लिफ्ट एवं फायर सेफ्टी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी से फ्लैट रजिस्ट्री के मुद्दे को अपने प्रमुख एजेंडे में शामिल करने की मांग की।
सिंघल ने कहा कि वर्षों से फ्लैट खरीदार अपने घरों की रजिस्ट्री के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यह मध्यमवर्गीय परिवारों के अधिकार और सम्मान का सवाल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मंच से आम नागरिकों, युवाओं, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों की आवाज उठाने के साथ नोएडा में पार्टी संगठन को मजबूत करने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक चोटीवाला और महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव मौजूद रहे। राजेंद्र पाल गौतम ने उम्मीद जताई कि निखिल सिंघल के जुड़ने से नोएडा में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।