करनैलगंज (गोंडा)। देव दीपावली के पावन अवसर पर करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र स्थित पावन सरयू घाट पर नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करनैलगंज विधायक अजय सिंह ने मुख्य रूप से सहभागिता करते हुए विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
दंगल में अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेच, शारीरिक क्षमता और दमखम का प्रदर्शन किया। पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर विधायक अजय सिंह ने कहा कि कुश्ती हमारी प्राचीन खेल परंपरा और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। यह खेल युवाओं में अनुशासन, साहस, आत्मविश्वास और शारीरिक मजबूती विकसित करता है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान के तहत ऐसे खेल आयोजनों का विशेष महत्व है, क्योंकि इनके माध्यम से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
विधायक ने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी और कहा कि पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने वाले ऐसे आयोजन समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी हैं।