गोंडा।जनपद के जयप्रभा ग्राम में इन दिनों भक्ति और अध्यात्म की अविरल धारा बह रही है। पूज्य संत श्री आलोक दास जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव के तीसरे दिन गुरुवार को कर्नलगंज विधायक अजय सिंह ने कार्यक्रम में पहुंचकर प्रभु श्रीराम की अमृतमयी कथा का श्रवण किया। इस दौरान पूरा कथा परिसर भक्ति और श्रद्धा के वातावरण से सराबोर नजर आया।
सुप्रसिद्ध कथा व्यास पूज्य श्री राजन जी महाराज ने अपने श्रीमुख से भगवान श्रीराम के आदर्शमय जीवन, त्याग, तपस्या, मर्यादा, करुणा और लोककल्याणकारी विचारों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। विधायक अजय सिंह भी प्रभु श्रीराम की भक्ति में लीन होकर कथा का रसपान करते नजर आए।
इस पावन अवसर पर विधायक अजय सिंह ने कथा व्यास पूज्य श्री राजन जी महाराज का दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही इस भव्य धार्मिक आयोजन के कुशल आयोजक पूज्य संत श्री आलोक दास जी महाराज से भेंट कर उनका स्नेह, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस अवसर पर विधायक अजय सिंह ने कहा कि श्रीराम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली प्रेरणा है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, भाईचारे और लोककल्याण का संदेश देता है। ऐसे आध्यात्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ही समाज में सद्भाव, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। जय श्रीराम के जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने कथा का आनंद लिया।