तरबगंज (गोण्डा)।विधानसभा क्षेत्र तरबगंज में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कथित फर्जी शिकायतों के जरिए वैध मतदाताओं के नाम कटवाने के प्रयास का मामला सामने आया है। इसको लेकर समाजवादी पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रामभजन चौबे की अगुवाई में पार्टी नेताओं एवं पदाधिकारियों ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी तरबगंज को मांगपत्र सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए रामभजन चौबे ने मतदाताओं के अधिकारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी वैध मतदाता का नाम राजनीतिक द्वेष अथवा फर्जी शिकायत के आधार पर नहीं हटाया जाना चाहिए। प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच के बाद ही नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
मांगपत्र में सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा प्रारूप-11 के माध्यम से फर्जी शिकायतें कर पीढ़ियों से क्षेत्र में रह रहे वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रारूप-11 से प्राप्त सभी शिकायतों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा जांच पूरी होने तक किसी भी मतदाता का नाम सूची से न हटाया जाए। साथ ही शिकायतें फर्जी पाए जाने पर संबंधित शिकायतकर्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
इस दौरान सपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विजय कुमार सिंह उर्फ टिंटू सिंह, केटी तिवारी, उपाध्यक्ष दिनेश यादव एवं विवेक कुमार सिंह बाबा ने भी मांगपत्र पर हस्ताक्षर कर मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज चौबे ने कहा कि तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में वैध मतदाताओं के नाम गलत तरीके से कटवाने के किसी भी प्रयास का पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।
इस मौके पर देवमणि तिवारी, अंकुर मणि तिवारी, रिंटू सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, सौरभ पांडेय, अंकित पांडेय, दिलीप पांडेय, प्रमोद चौबे, रोहित चौबे सहित सपा के कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।