नोएडा। फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) के कार्यालय में बुधवार को वरिष्ठ समाजसेवी एवं सेक्टर-20 आरडब्ल्यूए के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय रामपाल भाटी के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान फोनरवा के पदाधिकारियों, विभिन्न सेक्टरों के आरडब्ल्यूए अध्यक्षों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि रामपाल भाटी का निधन नोएडा के सामाजिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वह एक समर्पित समाजसेवी और कुशल मार्गदर्शक थे। उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
फोनरवा महासचिव के.के. जैन ने कहा कि रामपाल भाटी ने सेक्टर-20 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष के रूप में लंबे समय तक सेवाएं दीं। सेक्टर के विकास और निवासियों की समस्याओं के समाधान में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा फोनरवा में विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने पूरे नोएडा के जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय योगदान दिया।
शोकसभा में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस कठिन समय में परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
इस अवसर पर फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, महासचिव के.के. जैन, कोषाध्यक्ष पवन यादव, विजय भाटी, प्रदीप वोहरा, लाट साहब लोहिया एडवोकेट, संजय चौहान, अशोक शर्मा, कोसिंदर यादव, राजेश सिंह, अनीता, भूषण शर्मा, त्रिलोक शर्मा, धर्मेंद्र चौहान, सुभाष भाटी, सोमपाल सिंह, रामलखन चौधरी, दिनेश भाटी, संजय शुक्ला, शैलेश श्रीवास्तव, अमित त्यागी, शरद जैन, दीपक शर्मा, हेमा पुरी, राजीव चौधरी, रमेश यादव, विनोद शर्मा, बी.के. शर्मा, हरीश वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।