नोएडा। शहर के सेक्टर-55 में पिछले पांच दिनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने के कारण सेक्टर के सैकड़ों परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोगों को मुश्किल से एक से डेढ़ घंटे ही पानी मिल पा रहा है, जिससे अधिकांश घरों की पानी की टंकियां खाली पड़ी हैं। रोजमर्रा के घरेलू कामकाज से लेकर पीने और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी लोगों को पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
सेक्टर-55 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष सतनारायण गोयल ने इस समस्या को लेकर नोएडा प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि पिछले पांच दिनों से सेक्टर के निवासी पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं, लेकिन अभी तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। अधिकारियों से संपर्क करने पर बताया जा रहा है कि सुबह दो घंटे और शाम को दो घंटे ही पानी की आपूर्ति संभव हो सकेगी। ऐसे में सवाल उठता है कि इतनी सीमित जलापूर्ति में पूरे सेक्टर के परिवारों की जरूरत कैसे पूरी होगी?
सतनारायण गोयल ने कहा कि पानी प्रत्येक परिवार की मूलभूत आवश्यकता है। इसके बिना लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। जब सेक्टर के निवासी नियमित रूप से जलकर और अन्य सुविधाओं का शुल्क देते हैं, तो उन्हें पर्याप्त जलापूर्ति उपलब्ध कराना प्राधिकरण की जिम्मेदारी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कई दिनों से बनी इस समस्या पर अधिकारी गंभीरता से कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं?
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त की जाए और सेक्टर में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि निवासियों को राहत मिल सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सेक्टर-55 के निवासी पानी की किल्लत को लेकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। आरडब्ल्यूए की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निवासियों को मूलभूत सुविधा के लिए परेशान नहीं होना चाहिए और प्राधिकरण को इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।