बाराबंकी, 10 सितंबर। नवरात्रि पर्व से पहले शिवसेना (शिंदे गुट) बाराबंकी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित चार सूत्रीय मांग पत्र भेजकर नवरात्रि के दौरान मांस-मदिरा की दुकानों पर प्रतिबंध लगाने समेत कई जनहित के मुद्दे उठाए हैं। जिलाध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी किशनलाल रावत के नेतृत्व में भेजे गए मांग पत्र में धार्मिक आयोजनों के दौरान बेहतर सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई है।
किशनलाल रावत ने कहा कि नवरात्रि सनातन धर्म का पावन पर्व है। नौ दिनों तक पूरे प्रदेश में धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण रहता है। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों और प्रतिमा विसर्जन के दौरान शराब के सेवन से कई बार विवाद एवं अप्रिय घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे में नवरात्रि के दौरान विशेष व्यवस्थाएं किया जाना आवश्यक है।
मांग पत्र में नवरात्रि के नौ दिनों तक प्रदेशभर में मांस और मदिरा की सभी दुकानों को बंद रखने की मांग की गई है। इसके अलावा बाराबंकी शहर में लखपेड़ाबाग से बड़ेल चौराहे तक जर्जर हो चुके मुख्य मार्ग का तत्काल नवीनीकरण कराने की मांग उठाई गई। शिवसेना का कहना है कि बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तीसरी मांग के रूप में नवरात्रि के नौ दिनों तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है, ताकि पूजा-पंडालों और धार्मिक आयोजनों में बिजली व्यवस्था बाधित न हो।
वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी पूजा पंडालों में CCTV कैमरे लगाने तथा प्रत्येक पंडाल पर एक सुरक्षाकर्मी की तैनाती किए जाने की मांग की गई है।
किशनलाल रावत ने कहा कि शिवसेना (शिंदे गुट) हिंदुत्व के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से चारों मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपील की।