नोएडा। बढ़ती खुदरा कीमतों से उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (NCCF) ने नोएडा में बफर स्टॉक के प्याज की रियायती दर पर बिक्री शुरू की है। उपभोक्ताओं को प्याज ₹35 प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में इस अभियान की शुरुआत नोएडा से की गई है। NCCF की मोबाइल वैन शहर के प्रमुख बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और व्यस्त स्थानों पर पहुंचकर सीधे उपभोक्ताओं को प्याज उपलब्ध करा रही हैं।
अभियान के तहत सेक्टर-18, सेक्टर-62, नोएडा मोड़, सेक्टर-4, सेक्टर-9 और सेक्टर-15 समेत कई प्रमुख स्थानों को शामिल किया गया है। NCCF की योजना आसपास के क्षेत्रों तक भी मोबाइल वैन के जरिए रियायती प्याज पहुंचाने की है।
इस बाजार हस्तक्षेप का उद्देश्य प्याज की उपलब्धता बढ़ाने और स्थानीय बाजार में कीमतों पर नियंत्रण रखने के साथ उपभोक्ताओं को उचित दर पर प्याज उपलब्ध कराना है।