नोएडा। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का नोएडा में भी भव्य शुभारंभ किया गया। नोएडा प्राधिकरण की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और शहरवासियों ने हिस्सा लेकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के तहत सेक्टर-35 स्थित मोरना बस स्टैंड पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा विधायक पंकज सिंह ने जनसामान्य के साथ सहभागिता की।
वहीं विद्यार्थियों और नागरिकों को वेस्ट मैनेजमेंट और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए सेक्टर-34 स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट और सेक्टर-54 स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
शाम के समय सेक्टर-54 वेटलैंड और सेक्टर-33 चिल्ड्रन्स पार्क में दीपोत्सव के जरिए स्वच्छता का संदेश दिया गया। इसके अलावा सेक्टर-78 स्थित वेदवन पार्क में विधायक पंकज सिंह और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी के नेतृत्व में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय के ऑडिटोरियम में राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी की उपस्थिति में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर स्वच्छता अभियान के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
दिनभर शहर के विभिन्न स्थानों और प्रमुख अवस्थापना स्थलों पर वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान की पूर्व संध्या पर नोएडा के प्रमुख मार्गों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया।
नोएडा प्राधिकरण ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।