रजिस्ट्री, ट्रांसफर चार्ज और ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो कनेक्टिविटी पर हुई चर्चा
नई दिल्ली। नोएडा हाईराइज़ फेडरेशन (NHRF) के अध्यक्ष निखिल सिंघल ने नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के सदस्य एवं AICC प्रभारी प्रशासन गुरदीप सिंह सप्पल से मुलाकात की। इस दौरान नोएडा और गौतमबुद्ध नगर से जुड़े कई प्रमुख नागरिक मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में लंबे समय से लंबित फ्लैट रजिस्ट्री, नोएडा अथॉरिटी के ट्रांसफर चार्ज, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो कनेक्टिविटी तथा हाईराइज़ सोसायटियों से जुड़े विभिन्न नागरिक और प्रशासनिक मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
निखिल सिंघल के अनुसार, फ्लैट रजिस्ट्री के मुद्दे को लेकर वह विभिन्न स्तरों पर लगातार प्रयास कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा से भी मुलाकात की थी। इसके अलावा उन्होंने रजिस्ट्री की समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भी लिखा है। उनके मुताबिक, इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री के साथ लखनऊ में अगली बैठक प्रस्तावित है।
निखिल सिंघल ने कहा कि नोएडा के हाईराइज़ निवासी शहर के नागरिक और टैक्सपेयर हैं, इसलिए रजिस्ट्री, ट्रांसफर चार्ज, मेट्रो कनेक्टिविटी और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर लगातार प्रभावी तरीके से आवाज उठाना जरूरी है।
बैठक के दौरान गुरदीप सिंह सप्पल ने इन मुद्दों को उचित स्तर पर उठाने की बात कही। उनके अनुसार, नोएडा से जुड़े इन विषयों को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के समक्ष भी रखा जाएगा।
निखिल सिंघल लंबे समय से नोएडा के हाईराइज़ निवासियों से जुड़े नागरिक और प्रशासनिक मुद्दों को विभिन्न मंचों पर उठाते रहे हैं।