नोएडा। रेजिडेंशियल सोसायटियों में फ्लैट्स को रोजाना या बेहद कम अवधि के लिए किराए पर दिए जाने की व्यवस्था को लेकर नोएडा हाईराइज फेडरेशन (NHRF) ने गंभीर चिंता जताई है। NHRF के अध्यक्ष निखिल सिंघल ने कहा कि खासकर स्टूडियो अपार्टमेंट्स में शॉर्ट-टर्म रेंटल की गतिविधियां सोसायटी की सुरक्षा और निवासियों की निजता के लिए चुनौती बन सकती हैं।
निखिल सिंघल के मुताबिक, रोजाना नए लोगों का बिना पर्याप्त वेरिफिकेशन सोसायटी में प्रवेश करना किसी भी रेजिडेंशियल कम्युनिटी के लिए उचित नहीं है। उन्होंने हाल में सामने आई Supertech से जुड़ी घटना को गंभीर चेतावनी बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं के बाद सोसायटी प्रबंधन, AOAs और संबंधित प्रशासन को अपनी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करनी चाहिए।
उन्होंने शॉर्ट-टर्म रेंटल के लिए स्पष्ट नियम बनाए जाने, अनिवार्य पुलिस एवं आईडी वेरिफिकेशन, विजिटर रिकॉर्ड और जवाबदेही सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया। NHRF अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि संगठन किसी व्यक्ति के निजी व्यवसाय करने के अधिकार का विरोध नहीं करता, लेकिन रेजिडेंशियल सोसायटियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और निजता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।