ग्रेटर नोएडा। जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन गौतमबुद्धनगर के सभागार में शुक्रवार को चैंबर आवंटन को लेकर ड्रॉ की प्रक्रिया संपन्न हुई। बार अध्यक्ष मनोज भाटी (बोड़ाकी) एडवोकेट की अध्यक्षता तथा बार सचिव शोभाराम चन्दीला एडवोकेट के संचालन में आयोजित ड्रॉ में बार एसोसिएशन की वर्तमान कार्यकारिणी एवं चैंबर निर्माण कमेटी द्वारा अब तक 448 अधिवक्ताओं को चैंबर चिन्हित किए गए।
बार एसोसिएशन के अनुसार चैंबर आवंटन की ड्रॉ प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। इस दौरान वर्तमान कार्यकारिणी एवं चैंबर निर्माण कमेटी के सदस्य अधिवक्ता देवेशरण शर्मा, मुकेश कदम, दुष्यंत तोमर, दलवीर, ममता चौधरी, भूपेंद्र मंगल, भोपाल सिंह नागर, श्याम सिंह चौधरी सहित बड़ी संख्या में युवा अधिवक्ता मौजूद रहे।
बताया गया कि कार्यकारिणी द्वारा सभी 448 अधिवक्ताओं को चैंबरों का भौतिक रूप से कब्जा भी प्रदान कर दिया गया है। इसके साथ ही अधिवक्ता अब अपने चैंबर से विधिक व्यवसाय शुरू कर सकेंगे।
बार एसोसिएशन ने कहा कि पिछले 16 वर्षों में पहली बार वर्तमान कार्यकारिणी द्वारा 448 अधिवक्ताओं के लिए चैंबर की व्यवस्था की गई है। इस प्रक्रिया में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति बार सचिव शोभाराम चन्दीला ने आभार व्यक्त किया और सभी अधिवक्ताओं को शुभकामनाएं दीं।