नोएडा। सेक्टर-11 में नागरिक सुविधाओं को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कहीं घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा तो कहीं सड़कों पर अंधेरा पसरा हुआ है। लंबे समय से बनी इन समस्याओं को लेकर अब आरडब्ल्यूए ने भी कड़ा रुख अपनाना शुरू कर दिया है।
सेक्टर की समस्याओं को लेकर आयोजित बैठक में स्थानीय निवासियों ने अपनी परेशानियां साझा कीं। लोगों का कहना था कि पानी का प्रेशर इतना कम रहता है कि दैनिक जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो जाता है। वहीं, कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट खराब होने से रात के समय लोगों को असुविधा के साथ सुरक्षा संबंधी चिंताओं का भी सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अनुज गुप्ता और महासचिव दिनेश कृष्णन ने निवासियों को भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को संबंधित विभागों के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण को कई बार समस्याओं से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समाधान की गति संतोषजनक नहीं है।
अनुज गुप्ता ने स्पष्ट किया कि सेक्टरवासियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए बार-बार परेशान होना पड़े, यह स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि संबंधित अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आरडब्ल्यूए प्राधिकरण के खिलाफ सामूहिक विरोध दर्ज कराएगी। जरूरत पड़ने पर अधिकारियों का घेराव और धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।
बैठक में मौजूद निवासियों ने एकजुट होकर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की। आरडब्ल्यूए ने साफ किया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि पानी और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था में जमीनी स्तर पर सुधार दिखाई देना चाहिए।