नोएडा। आगामी त्योहारों को देखते हुए आबकारी विभाग ने अवैध शराब की बिक्री और अन्य प्रदेशों की मदिरा के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार तथा जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर और पुलिस आयुक्त के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया।
इस दौरान जनपद के आबकारी निरीक्षकों की चार टीमें गठित कर गार्डेन गैलेरिया में संचालित रेस्टोरेंट बारों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। टीमों ने बारों में मदिरा के रखरखाव और संचालन से संबंधित नियमों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान बार संचालकों और अनुज्ञापियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बार में किसी भी परिस्थिति में अन्य प्रदेशों की मदिरा का भंडारण या सेवन नहीं कराया जाए। ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित बार के लाइसेंस के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी विभाग ने सभी बार संचालकों को निर्धारित बार नियमावली के अनुरूप ही रेस्टोरेंट बार का संचालन करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।