नोएडा। सेक्टर-46 स्थित रामलीला मैदान में श्री राम लखन धार्मिक लीला कमेटी की ओर से आयोजित होने वाले भव्य रामलीला महोत्सव से एक दिन पूर्व प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कमेटी के अध्यक्ष विपिन अग्रवाल ने की, जबकि मंच का संचालन मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव ने किया। प्रेस वार्ता में कमेटी के पदाधिकारियों, सदस्यों, पत्रकारों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने भाग लिया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अध्यक्ष विपिन अग्रवाल ने बताया कि कमेटी पिछले लगभग 10 वर्षों से रामलीला महोत्सव का आयोजन कर रही है। कोरोना काल में दो वर्षों तक मंचन नहीं हो सका था। इस वर्ष आठवें वर्ष रामलीला महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन चरित्र को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष रामलीला मैदान में लगभग 3,500 से 5,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। दर्शकों की सुविधा के लिए सुरक्षा और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में पुलिस प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण का सहयोग मिल रहा है। इसके साथ ही मेले में आने वाले लोगों के लिए खान-पान की व्यवस्था भी की गई है, ताकि परिवार सहित पहुंचने वाले दर्शक रामलीला महोत्सव का आनंद उठा सकें।
किन्नर प्रसंग रहेगा विशेष आकर्षण
कमेटी के लीला संयोजक पंडित कृष्ण स्वामी ने बताया कि इस वर्ष रामलीला में विशेष रूप से किन्नर प्रसंग का मंचन किया जाएगा, जो दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम की भूमिका किशन जी, माता सीता की भूमिका कावेरी गुप्ता और रावण की भूमिका अरविंद शर्मा निभाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष रामलीला का मंचन भव्य, भक्तिमय और आकर्षक होगा। इसके माध्यम से दर्शकों को धर्म, सत्य, त्याग और मर्यादा का संदेश मिलेगा।
कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण जरिया है। कमेटी का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लें।
प्रेस वार्ता के अंत में कमेटी की ओर से पत्रकारों, सहयोगियों, पुलिस प्रशासन, नोएडा प्राधिकरण और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में वाइस चेयरमैन राजेंद्र जैन, पूनम सिंह, अध्यक्ष विपिन अग्रवाल, महासचिव गिरिराज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, मुख्य संरक्षक आलोक गुप्ता, मुख्य यजमान अशोक गोयल, मुख्य सलाहकार विकास बंसल, लीला संयोजक पंडित कृष्ण स्वामी, मेला प्रमुख संजय गोयल, संगठन मंत्री कार्तिक मिश्रा, मंच संचालक संदीप अग्रवाल, सुरक्षा प्रमुख सुशील कुमार सिंघल, मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव, स्वागत अध्यक्ष रामवीर यादव और सह कोषाध्यक्ष पीयूष गोयल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
वहीं, राजनीतिक क्षेत्र से दीपक विग, सत्येंद्र शर्मा, पवन शर्मा, दिनेश यादव, गौरव सिंघल, मनोज गोयल, बाबूलाल बंसल, वीके राणा, टी.सी. गौड़, एसपी जैन, एस. सिंगल, तेजेंद्र मलिक, संदीप विरवानी, मनीष सेतिया, मुकेश गुप्ता, प्रसादी लाल सोलंकी, सुभाष शर्मा और राजेंद्र शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।